-चंद्रिका

आदमी हो या औरत, सबसे पहले हमारी नज़र उसके चेहरे पर पड़ती है। ऐसे में होंठों पर अनायास ही ध्यान जाता है। अगर होंठ स्वस्थ व सुंदर हों तो आकर्षण बढ़ ही जाता है। ज़रा खुद को देखिए क्या आपके होंठ स्वस्थ, आकर्षक, रसीले हैं कि नहीं? अगर आपके होंठों में आकर्षण कम लगता हो तो उन पर ध्यान दीजिए। ध्यान रखिए नारी सौंदर्य में स्वस्थ सुंदर होंठों का बड़ा महत्त्व है। यहां पेश हैं कुछ उपयोगी टिप्स:-

  • केसर को दूध की मलाई से रगड़ कर रात को होंठों पर लगाकर सोएं।
  • होंठों को मुलायम व खूबसूरत बनाये रखने के लिए इनकी नियमित रूप से मलाई से मालिश करें। इससे होंठ मुलायम होंगे।
  • रात को सोते समय इन पर गुलाब की पंखुड़ियों और मलाई का पेस्ट बनाकर लगाने से भी फ़ायदा होगा।
  • अगर होंठ फट गये हों तो वैसलीन या फिर किसी अच्छी कम्पनी का लिप बाम लगायें।
  • भोजन में मक्खन को नियमित स्थान दें। अगर होंठ सूख रहे हैं और उनमें से खून निकलता है तो तुरंत किसी डॉक्टर से मिलें और फटे होंठों का सही इलाज कराएं।
  • पानी कम पीने से होंठ फटते हैं। ऐसे में नियम से पानी पीने की आदत डालें। रोज़ कम-से-कम आठ-दस गिलास पानी ज़रूर पिएं।
  • हरी पत्तेदार सब्ज़ियों का सेवन करें। ऐसे फल खाएं, जिसमें विटामिन भरपूर मात्रा में हों।
  • होंठों को कभी भी दांतों से नहीं चबाएं। इससे होंठों का आकार बिगड़ता है और होंठ देखने में भद्दे लगते हैं।
  • अगर होंठ ज़्यादा फट रहे हों तो शहद व देसी घी लगाने से भी फ़ायदा होगा।
  • अगर होंठों पर घी लगाना नहीं चाहती, तो रात को सोते समय घी हल्का-सा गरम करके नाभि में लगाएं। सुबह तक काफ़ी फ़ायदा होगा।
  • होंठों पर कभी भी सस्ती लिपस्टिक प्रयोग न करें। इससे होंठों को नुक़सान पहुंचता हैं। मैट लिपस्टिक का भी ज़्यादा प्रयोग न करें। इससे होंठ जल्दी रूखे हो जाते है और उनकी प्राकृतिक नमी ख़त्म हो जाती है।                                                         

 लिपस्टिक कैसे लगाएं?

  • लिपस्टिक लगाने से पहले होंठों की आउटलाइन किसी गहरे रंग से लिपलाइनर से बना लें। होंठों को उनके प्राकृतिक आकार से हट कर शेप देना चाहें तो ऐसा ज़रूर करें। बस आउटलाइन बनाते समय सावधान रहें कि कहीं हाथ कांपे नहीं, वरना आउटलाइन टेढ़ी बनेगी।
  • होंठों पर आउटलाइन बनाने से पहले पाउडर लगा लेने से लिपस्टिक अधिक समय तक टिकी रहती है। पाउडर लगाने के बाद होंठों पर अपनी ड्रेस से मेल खाती लिपस्टिक लगाएं।
  • इसके बाद होंठों को टिश्यू पेपर से ब्लॉट करें। इससे अतिरिक्त लिपस्टिक निकल जाएगी। ऐसे दो-तीन बार करें। लिपस्टिक होंठों में अच्छे से ज़ब्त हो जायेगी।
  • अपनी उम्र को ध्यान में रखते हुए ही लिपस्टिक के रंग का चुनाव करें। सिर्फ़ यह न देखें कि क्या चलन में है। आप पर उस चीज़ का सूट करना भी ज़रूरी है। वैसे ब्राउन रंग हर महिला पर जंचता है। कभी भी कपड़े से रगड़कर लिपस्टिक साफ़ न करें। हल्के हाथ से हमेशा क्लींज़िंग मिल्क से ही साफ़ करें।

(उर्वशी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*